Five Day Training For Paralegal Volunteers : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अमित पाल सिंह के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा पराविधिक स्वयं सेवकों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम का आयोजन ए०डी०आर० सेन्टर छजलापुर रायबरेली में आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 09 अक्टूबर 2025 को मा० अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह के द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया। मा० अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश द्वारा पराविधिक स्वयं सेवकगण को पूर्ण समर्पण की भावना से कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के प्रथम दिवस में सदस्या स्थायी लोक अदालत प्रीति पाण्डेय, असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिंल योगेश चन्द्र व डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिंल जय सिंह यादव के द्वारा जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण सत्र के द्वितीय दिवस 13 अक्टूबर में सहायक अभियोजन अधिकारी यदुवेन्द्र यादव, जेलर हिमाशुँ रौतेला, सहायक श्रमायुक्त रामलखन स्वर्णकार, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिंल राजकुमार सिंह के द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के तृतीय दिवस 14 अक्टूबर में विद्धान अधिवक्ता अजय श्रीवास्तव, उपनिबंधक महराजगंज सुधा यादव व तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव के द्वारा उपस्थित पी0एल0वी को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र के चतुर्थ दिवस 16 अक्टूबर में सदस्या स्थायी लोक अदालत प्रीति पाण्डेय, विद्धान अधिवक्ता ममता यादव, अधिवक्ता मधु सिंह, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड रेखा विश्वकर्मा, सदस्य बाल कल्याण समिति मिलिन्द द्विवेदी, बाल संरक्षण अधिकारी वीरेन्द्र पाल व सब इस्पेक्टर राशिद खान के द्वारा के द्वारा उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र के पंचम दिवस 17 अक्टूबर में प्रमोद सिंह चंदरौला उपायुक्त मनरेगा, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ सहायक, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, मध्यस्थ अधिवक्ता रामकुमार सिंह के द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्त में प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में पराविधिक स्वयंसेवकगण के द्वारा किये गये प्रश्नो का जवाब अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बृजपाल वरिष्ट पराविधिक स्वयं सेवक के द्वारा अपने अनुभव को समस्त पराविधिक स्वयंसेवकगण के साथ साझा कर उन्हें पूरी लगन के साथ कार्य किये जाने हेतु प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पी०एल०वी० बृजपाल के द्वारा विभिन्न प्रश्नों को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्य रखा गया।
प्रशिक्षण समाप्ति के दौरान अनुपम शौर्य अपर जिला जज/सचिव के द्वारा पराविधिक स्वयंसेवकगण को संबोधित करते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में नियमानुसार व ईमानदारी पूर्वक कार्य किये जाने हेतु प्रेरित किया गया। सचिव द्वारा महिला पराविधिक स्वयं सेवक को व्यक्तिगत रुप से इस कार्य में रुचि लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया और बताया गया कि पराविधिक स्वयं सेवकगण को जनपद रायबरेली की वास्तविक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए लोगों को विधिक सहायता पहुँचाई जाये। पराविधिक स्वयं सेवक विनम्र व निडर होकर कार्य करें। पराविधिक स्वयं सेवकगण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रतिनिधित्व करते है इसलिए उन्हें अपने व्यवहार, वाणी, आचरण में संयम का परिचय देते हुए लोगों की समस्याओं के निराकरण में उनका सहयोग करना चाहिए।










