अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद दंपति ने मांगी सुरक्षा, परिजनों से जान का खतरा बताया

रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के बिदुपुर गांव निवासी नितिन सिंह ने राजस्थान की रहने वाली जसोदा के साथ अपनी मर्जी से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। विवाह के बाद दोनों ने रायबरेली कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से सुरक्षा की गुहार लगाई और जसोदा के परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की।

जानकारी के अनुसार, जसोदा पुत्री फुट्टर, निवासी बिशुनगंज, जिला जालौर, राजस्थान की रहने वाली हैं। जसोदा ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से नितिन सिंह के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है। जब उन्होंने अपने परिवार को इस विवाह की जानकारी दी, तो उनके परिजन नाराज हो गए। इसके बाद से उन्हें अपने और अपने पति की जान को खतरा महसूस हो रहा है।

दंपति ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि उनके परिजनों द्वारा किसी प्रकार की शिकायत की जाती है, तो उसे फर्जी माना जाए, क्योंकि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की ताकि वे बिना किसी भय के अपना वैवाहिक जीवन व्यतीत कर सकें।

जसोदा ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अब अपने पति नितिन सिंह के साथ ही रहना चाहती हैं और अपने परिवार के साथ वापस नहीं जाना चाहतीं। उन्होंने बताया कि दोनों अपने वैवाहिक जीवन से खुश हैं और आगे भी साथ रहकर जीवन बिताना चाहते हैं।

बताया जा रहा है कि जसोदा ब्राह्मण समाज से हैं, जबकि नितिन सिंह राजपूत बिरादरी से संबंध रखते हैं। अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार की नाराजगी बढ़ गई है। इसी कारण दंपति ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

कलेक्ट्रेट परिसर में दोनों ने मीडिया के सामने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्होंने पूरी तरह अपनी इच्छा और सहमति से यह कदम उठाया है। अब उन्हें सिर्फ प्रशासन से सुरक्षा और शांतिपूर्वक जीवन जीने का अधिकार चाहिए।

Other Latest News

Leave a Comment