बोकारो : झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर समिति ने शहर की कई समस्याओं को लेकर बोकारो इस्पात नगर सेवा भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस निर्णय की घोषणा रविवार को ओशो आश्रम, सेक्टर-5 में आयोजित एक बैठक के दौरान की गई। झामुमो के बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं को हल करना है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन शहर की खराब सड़कों, बिजली आपूर्ति की समस्या, जर्जर आवासीय क्वार्टरों और लीजधारियों से जुड़ी विभिन्न परेशानियों को उजागर करने के लिए किया जा रहा है।

मंटू यादव ने बोकारो इस्पात प्रबंधन पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि झामुमो अब नगर सेवा भवन में ही ‘जनता दरबार’ लगाएगा, ताकि लोगों की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा सके। मंटू यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आवश्यक हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता नगर सेवा भवन के कार्यालय में ताला लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।


बैठक में मंटू यादव ने नवगठित वर्ग संगठनों के अध्यक्षों और सचिवों को निर्देश दिया कि वे अगले 15 दिनों के भीतर अपने-अपने संगठनों का विस्तार करें। साथ ही, उन्होंने वार्ड और ब्रांच कमेटियों का गठन करके पार्टी को शहर में और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी सेक्टरों से संबंधित समस्याओं के आवेदन जमा करने के लिए भी कहा, चाहे वे पुलिस स्टेशन, ब्लॉक या बीएसएल नगर सेवा भवन से जुड़े हों। बैठक का अध्यक्षता बोकारो महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष रणधीर रजक ने किया और संचालन बोकारो महानगर कोषाध्यक्ष मिथुन मंडल ने किया। बैठक में मुख्य रूप से मनोज हेंब्रम,चंदू सिंह मुंडा, नैयर जमाल, राकेश सिन्हा, अर्जुन महतो, सदानंद गोप, अशोक हेंब्रम, सोहन मुर्मू, समीर अंसारी, हसन शेख, डॉक्टर महेंद्र प्रसाद, उदय कुंभकार, प्रदीप कुमार, सुशील भगत, विल्सन कोनगरी, ज्योति प्रकाश द्विवेदी, संतोष सिंह, धर्मवीर गुप्ता, नरेश महतो, पूरन महतो, धनेश तूरी, संजय कुमार, संतोष सोरेन, छोटू मांझी, अमन कुमार सिंह, राजमणि अग्निहोत्री, सीमा तिवारी, राहुल कुमार, विवेक राज, अभिषेक राज, चंदन साहनी, पवन तिर्की, अजय मुर्मू, मनोज कुमार, सद्दाम हवारी, चंदन पासवान, शैलेंद्र कुमार महतो, मदन हांसदा इत्यादि उपस्थित थे।