रायबरेली: देवर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, न्याय के लिए एसपी ऑफिस पहुंची विधवा महिला

रायबरेली में एक विधवा महिला ने अपने ही देवर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अब दूसरी जगह शादी करने की तैयारी का गंभीर आरोप लगाया है। न्याय न मिलने से परेशान महिला अपनी मासूम बेटी और बुजुर्ग मां के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उसने धरने पर बैठकर हाई वोल्टेज ड्रामा किया और जमकर हंगामा काटा।

मामला डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सुरसना भरसना गांव का है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की लगभग 5 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। पति के निधन के बाद वह अपनी बेटी और परिवार के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसका देवर सचिन लगातार उसके संपर्क में रहा और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

महिला का कहना है कि आरोपी देवर ने कई वर्षों तक उसे पत्नी बनाने का भरोसा दिया, जिससे वह उसके झांसे में रही। इस दौरान उसने उसके जेवरात और अन्य सामान भी अपने कब्जे में ले लिए। अब जब महिला ने शादी की बात की तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया और 29 अप्रैल को दूसरी जगह शादी करने की तैयारी कर रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि उसने इस संबंध में स्थानीय पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की अनदेखी से आहत होकर वह अपनी मासूम बेटी और वृद्ध मां के साथ एसपी ऑफिस पहुंची और धरने पर बैठ गई। महिला ने आरोपी की होने वाली शादी रुकवाने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

एसपी ऑफिस में महिला के हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है और आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग कर रही है।

Other Latest News

Leave a Comment