रायबरेली: टेकारी दांदू में दबंगई का आरोप: दरोगा समेत 6 पर घर में घुसकर मारपीट व लूट का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार

रायबरेली: जनपद के डीह थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने उप निरीक्षक समेत छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 20 अप्रैल 2026 दिन सोमवार को समय करीब 1:00 बजे डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव निवासी श्रीमती स्नेह लता पत्नी इन्द्रपाल ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना 11 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2 बजे की है। आरोप है कि गांव के पास राजेश कुमार द्वारा एक गड्ढा खुदवाया जा रहा था, जिसे कुछ लोगों द्वारा पाटा जा रहा था। इसी दौरान जब उनके पति ने गड्ढा पाटने का कारण पूछा, तो विवाद बढ़ गया।

पीड़िता का आरोप है कि इसी बात को लेकर गौरव राजपूत और थाना डीह में तैनात उप निरीक्षक शिवम जायसवाल ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर उनके पति घर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर महिला, उसके पति और नाबालिग बेटे अनमोल के साथ भी मारपीट की।

इतना ही नहीं, प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर में रखे करीब 15 हजार रुपये नगद छीन लिए, जबकि चेतना शुक्ला ने उनके कान के झुमके और पायल उतरवा लिए। साथ ही उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जो अब तक वापस नहीं किया गया है।

पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा लगातार उनके नाबालिग बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है, जिससे बच्चा घटना के बाद से भयभीत और सहमा हुआ है।

इस मामले में महिला ने उप निरीक्षक शिवम जायसवाल, गौरव राजपूत, चेतना शुक्ला, प्रेम चन्द्र शुक्ल, क्षेत्रीय लेखपाल शोभनाथ और चक्रधर शास्त्री को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।

Other Latest News

Leave a Comment