रायबरेली में वृद्धा की निर्मम हत्या, शराब के नशे में युवक ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट

रायबरेली: शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कोडर गांव मजरा दहीगंवा में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 70 वर्षीय वृद्धा रामप्यारी सिंह की घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरी से ढककर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया और फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ शराब पीने के बाद शिवम नामक व्यक्ति के घर पहुंचा था। नशे की हालत में वह घर के आंगन में टीनशेड के नीचे तख्त पर लेट गया। इस दौरान घर में मौजूद वृद्धा रामप्यारी सिंह ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले डंडे से वृद्धा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपने साथी के कहने पर उसने रामप्यारी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में ले जाकर बोरो से ढक दिया ताकि घटना छिपी रहे और किसी को तत्काल जानकारी न हो सके। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। जांच के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

महाराजगंज क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्थानीय विवाद और नशे की हालत में हुए झगड़े को हत्या की वजह माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को जल्द पकड़ लिया गया है और उससे सख्त पूछताछ जारी है। मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा फरार दूसरे साथी की भी तलाश की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वृद्धा की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Other Latest News

Leave a Comment