Raebareli News: घर के बाहर खड़ी पिकअप को चोरों ने बनाया अपना निशाना, महिला ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल

रायबरेली (Raebareli) जिले के सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड राही में थाना भदोखर और थाना डीह की सीमा पर स्थित भरतगंज बाजार के समीप रविवार देर रात चोरों ने घर के सामने खड़ी एक पिकअप वाहन पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना देकर वाहन बरामद करने की मांग की है।

पीड़ित महिला आरती प्रजापति ने बताया कि उनकी पिकअप वाहन संख्या UP 33 AT 4189 घर के सामने खड़ी थी। रविवार देर रात अज्ञात चोर वाहन चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार की नजर वाहन पर पड़ी तो वह मौके से गायब था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना की जानकारी तत्काल संबंधित थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

पीड़ित महिला ने घटना को लेकर पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से घर के सामने खड़ी पिकअप चोरी कर फरार नहीं हो पाते। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द वाहन बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। घटना के बाद भारतगंज बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Other Latest News

Leave a Comment