Raebareli: प्रयागराज और कपिलवस्तु हत्याकांड पर साहू चौपाल का फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

Raebareli: प्रयागराज के कुकुरकटवा गांव में साहू समाज के तीन लोगों की नृशंस हत्या तथा सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु क्षेत्र में एक युवक की गला रेतकर हत्या की घटनाओं को लेकर साहू तैलिक एकता एवं विकास समिति “साहू चौपाल” ने तीव्र आक्रोश व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष के. के. साहू के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने जिलाधिकारी रायबरेली के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष के. के. साहू ने कहा कि दोनों घटनाएं अत्यंत दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाएं।

इस दौरान जिलाध्यक्ष संरक्षक रामशरण साहू एवं नगर अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार साहू समाज की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका आरोप था कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

जिलाउपाध्यक्ष हरि प्रसाद साहू एवं शिवबरन साहू ने कहा कि साहू चौपाल इन जघन्य हत्याओं की घोर निंदा करता है और सरकार से मांग करता है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रोहित साहू, सुरेश साहू, हरिप्रसाद साहू, आकाश साहू, सुधांशु साहू, सूरज साहू, सत्यनारायण साहू, राजा साहू, ओमप्रकाश साहू, जगदीश साहू, रवि गुप्ता (एडवोकेट), प्रमोद साहू, शिवप्रकाश गुप्ता, शुभम साहू, अंकित साहू, विष्णु साहू, शिवकुमार साहू सहित सैकड़ों की संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय और सुरक्षा नहीं मिली तो साहू समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Other Latest News

Leave a Comment