मादक पदार्थ सेवन से युवक की हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

रायबरेली : जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कल्याणपुर सुरजई के रानीगंज निवासी संजय चौरसिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मादक पदार्थ सेवन के बाद हालत गंभीर हो गई। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 दिन शनिवार को लगभग 2:30 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान संजय चौरसिया ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मादक पदार्थ खाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय चौरसिया को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Other Latest News

Leave a Comment