Raebareli News: बकरी चराने गए युवक की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Raebareli: जनपद रायबरेली के सतांव ब्लॉक अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतुवा टप्पा में शुक्रवार को एक 18 वर्षीय युवक को इमरजेंसी एंबुलेंस द्वारा गंभीर हालत में लाया गया, जहां मौजूद डॉक्टर ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे फते बहादुर का पुरवा, पोस्ट डोमापुर निवासी अभिषेक कुमार (18 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार अपनी मां मालती देवी के साथ बकरी चराने गया था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार युवक को किसी प्रकार की पूर्व बीमारी नहीं थी। तेज गर्मी और उमस के चलते उसकी हालत अचानक खराब हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल इमरजेंसी एंबुलेंस की सहायता से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतुवा टप्पा पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जेपी वर्मा ने युवक का परीक्षण किया। जांच के दौरान युवक में किसी भी प्रकार के जीवन के लक्षण न मिलने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां मालती देवी ने बताया कि वह बेटे के साथ मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि अभिषेक पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन अचानक गर्मी लगने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

डॉक्टर जेपी वर्मा ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर युवक की जांच की गई, लेकिन उसमें जीवन के कोई लक्षण नहीं मिले, जिसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

Other Latest News

Leave a Comment