बछरावां : आए दिन अपने नए नित कारनामों से चर्चा में बना रहने वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां एक बार फिर अपने कर्मचारियों की कामचोरी एवं अवैध वसूली के कारण बदनाम होता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार आपको बताते चले की क्षेत्र के एक युवक अंकुर निवासी पश्चिमगाँव ने वीडियो व फोटो वायरल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां के एक्सरे रूम में तैनात कर्मचारियों के ऊपर गंभीर आरोप लगाए है। उक्त युवक के द्वारा बताया गया कि वह अपने गांव के कुछ वृद्ध जनों को लेकर दिनांक 12 सितंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां इलाज कराने पहुंचा। उक्त लोगों को पैर व सीने से संबंधित समस्याएं थी। जिसमें एक मरीज के रूप में मेरी माता जी भी थी। पर्चा बनवाने के पश्चात ओपीडी कक्ष में मौजूद डॉक्टर प्रभात मिश्रा के द्वारा उक्त लोगों का उपचार करने के पश्चात डॉक्टर के उन्हे द्वारा एक्स-रे के लिए पर्चे पर लिखा गया। जब मैं एक्स-रे रूम कक्ष पर पहुंचा, तो वहां पर तैनात तीन कर्मचारी जो मोबाइल चलाने में व्यस्त थे। मैंने उनसे एक्स-रे करने के लिए कहा, तो उन्होंने कहा कि अभी समय नहीं है, घंटे डेढ़ घंटे बाद आना। मैंने कई बार उनसे निवेदन किया, पर वह नहीं माने और मोबाइल चलाने में व्यस्त रहे। साथ ही साथ उनके द्वारा यह भी कहा गया अगर ज्यादा जल्दी है तो बाहर जाकर पैसे देकर करवा लो। जब मैं कई विनती करके थक हार गया, तो मोबाइल चलाने के दौरान मैंने उनका फोटो खींच लिया। घंटे डेढ़ घंटे बाद जब मैं फिर से सभी मरीजों को लेकर एक्स-रे रूम पर पहुंचा, तो वहां काफी भीड़ मौजूद हो चुकी थी। अतः उक्त कर्मचारियों की कार्यशैली से आहत होकर मैंने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दी। ताकि ऐसे भ्रष्ट एवं कामचोर कर्मचारी जो अस्पताल की अधिक्षिका की तो बात छोड़ो, जिले के आला अधिकारियों के भी दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उनके ऊपर कठोर कार्यवाही हो सके, और उक्त कर्मचारियों की कामचोरी का यह फोटो व वीडियो मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री तक पहुंच सके। साथ ही साथ उक्त युवक के द्वारा वायरल वीडियो के माध्यम से यह भी बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावा में इन दिनों अवैध वसूली का भी खेल जोरों पर है। क्षेत्र की ही एक महिला का प्लास्टर काटने या कटवाने के नाम पर अस्पताल के किसी कर्मचारी के द्वारा ₹2000 की अवैध वसूली मांगी गई। जब उसने नहीं दिया तो उसका प्लास्टर अस्पताल में नहीं काटा गया।
वीडियो वायरल होने के पश्चात क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावा के कुछ डॉक्टर व कर्मचारी मरीजों व उनके तीमारदारों से सौम्य पूर्ण व्यवहार करते हुए नजर आते हैं, तो वही कुछ कर्मचारी अपनी कामचोरी एवं लापरवाही के कारण मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए समस्या उत्पन्न करते रहते है। फिलहाल उक्त मामले की फोटो और वीडियो वायरल होने के पश्चात अब सवाल यह है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां की तेज तर्रार अधिक्षिका डॉक्टर अर्पिता श्रीवास्तव ऐसे कामचोर एवं लापरवाह कर्मचारियों पर क्या कार्यवाही करती हुई नजर आएंगी।











