Russia Scholarships for Indian Students: विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे भारतीय छात्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत (India) के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल रूस (Russia) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए भारतीय छात्रों को स्कॉलरशिप देने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि यह स्कॉलरशिप रूस की लगभग सभी प्रमुख यूनिवर्सिटीज में मान्य होगी, जिससे MBBS, इंजीनियरिंग और कई अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज का रास्ता आसान हो जाएगा। पहले से ही हजारों भारतीय छात्र रूस में पढ़ाई कर रहे हैं और अब इस नई पहल से उनकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। आखिर किन कोर्सेज के लिए मिलेगी स्कॉलरशिप, कौन कर सकता है आवेदन और किन संस्थानों में नहीं मिलेगी यह सुविधा चलिए जानते हैं…
क्यों बना रूस पसंदीदा डेस्टिनेशन/Russia Scholarships for Indian Students
रूस (Russia) को उच्च शिक्षा के लिए भारतीय छात्रों का एक भरोसेमंद केंद्र माना जाता है। भारत (India) और रूस के रिश्ते सात दशक से भी अधिक पुराने हैं, जिनका असर शिक्षा के क्षेत्र में भी साफ दिखता है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फिलहाल रूस में 30 हजार से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें सबसे बड़ी संख्या MBBS की पढ़ाई करने वाले छात्रों की है। कम फीस, अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त डिग्री और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से रूस मेडिकल और टेक्निकल एजुकेशन के लिए लोकप्रिय बन चुका है। यही कारण है कि रूस की सरकार भारतीय छात्रों को आकर्षित करने के लिए लगातार स्कॉलरशिप और सहयोग कार्यक्रम चला रही है।

किन यूनिवर्सिटीज में मिलेगा मौका
रूस सरकार ने अकेडमिक ईयर 2026–27 के लिए यह स्कॉलरशिप प्रोग्राम शुरू किया है, जो देश की लगभग सभी प्रमुख यूनिवर्सिटीज में लागू होगा। इसमें बोमान मॉस्को स्टेट टेक्निकल यूनिवर्सिटी (Bauman Moscow State Technical University) और यूरल फेडरल यूनिवर्सिटी (Ural Federal University) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं शामिल हैं। हालांकि, लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी (Lomonosov Moscow State University) और MGIMO यूनिवर्सिटी में यह स्कॉलरशिप मान्य नहीं होगी। इस स्कीम के तहत भारतीय छात्रों को ट्यूशन फीस में राहत मिलती है, जिससे विदेश में पढ़ाई का खर्च काफी हद तक कम हो जाता है।
किन कोर्सेज के लिए मिलेगी स्कॉलरशिप
यह स्कॉलरशिप सिर्फ एक या दो विषयों तक सीमित नहीं है। भारतीय छात्र बैचलर्स, मास्टर्स और एमफिल (MPhil) जैसे प्रोग्राम्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एडवांस ट्रेनिंग कोर्सेज भी इस दायरे में आते हैं। स्कॉलरशिप जिन प्रमुख विषयों के लिए दी जा रही है, उनमें मेडिसिन (MBBS), फार्मेसी, इंजीनियरिंग (B.Tech), आर्किटेक्चर, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट, इकोनॉमिक्स, ह्यूमैनिटीज, सोशल साइंसेज, मैथमैटिक्स, स्पेस, एविएशन, स्पोर्ट्स और आर्ट्स शामिल हैं। यह विविधता छात्रों को अपनी रुचि और करियर के अनुसार विकल्प चुनने की पूरी आजादी देती है।
आवेदन प्रक्रिया क्या है
रूस में स्कॉलरशिप पर पढ़ाई करने के इच्छुक भारतीय छात्रों को तय समयसीमा के भीतर आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया आमतौर पर ऑनलाइन होती है, जिसमें शैक्षणिक दस्तावेज, पासपोर्ट और कोर्स से संबंधित जानकारी मांगी जाती है। चयन अकादमिक योग्यता और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाता है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है, जो सीमित बजट में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा हासिल करना चाहते हैं। आने वाले समय में भारत–रूस शैक्षणिक सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे भारतीय छात्रों के लिए विदेश में पढ़ाई के नए रास्ते खुल सकते हैं।










