सरेनी में बिजली व्यवस्था को लेकर फूटा जनाक्रोश, 15 दिन का अल्टीमेटम

धरना-प्रदर्शन के बाद हरकत में आया बिजली विभाग, 30 मिनट में बदले जर्जर तार; सुधार न होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

रायबरेली : सरेनी विद्युत उपखंड में क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर में आ रही समस्याएं, जर्जर एवं लटके हुए बिजली के तार, तथा पावर हाउस की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, विशेषकर रात्रि में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही जर्जर तारों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

उपखंड अधिकारी (SDO) यशवीर सिंह विभागीय बैठक के कारण मौके पर उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने फोन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अवर अभियंता (JE) श्री देवेंद्र ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त किया।

इसके साथ ही विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 30 मिनट के भीतर मौके का निरीक्षण किया और जर्जर तारों को तत्काल बदलवाया। इस कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने विभाग का धन्यवाद व्यक्त किया।

हालांकि, ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर संपूर्ण विद्युत व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हुआ, तो पुनः पावर हाउस परिसर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता अभिनव तिवारी ‘संगम’ द्वारा किया गया, जिसमें मो.नईम, रानू सिंह, यशोदा नंदन, आशीष गुप्ता, रंजीत लोधी, कार्तिकेय निर्मल, नीरज सैनी, सोनू सिंह, सरोज सविता, नफीस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

Other Latest News

Leave a Comment