रायबरेली: टीबी मुक्त भारत संकल्प को साकार करने में भारतीय स्टेट बैंक रायबरेली भी पीछे नहीं है। बैंक अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर निक्षय मित्र बनते हुए टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजभान सिंह (क्षेत्रीय प्रबंधक) रहे। उनके साथ आनंद कुमार सिंह (मुख्य प्रबंधक परिचालन) तथा राहुल देव शुक्ला (विपणन अधिकारी) भी मौजूद रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा के निर्देशन में संचालित राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में लगातार ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा के अधीक्षक डॉ. रोहित कटियार ने मरीजों को टीबी से बचाव, समय से जांच और नियमित दवा सेवन की जानकारी दी।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जुगलेश ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक करुणा शंकर मिश्र ने मरीजों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और पोषण पोटली के महत्व के बारे में बताया।
मुख्य अतिथि बृजभान सिंह ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा है और टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
आनंद कुमार सिंह ने कहा कि मरीजों की सहायता करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। राहुल देव शुक्ला ने कहा कि जागरूकता, पौष्टिक आहार और नियमित उपचार से टीबी को हराया जा सकता है।
इस अवसर पर कप्तान सिंह, अपूर्व मिश्र, चंद्र किशोर, विमलेश कुमार, मनीष साहू, मनोज सिंह, प्रमिला वर्मा, अजय, दिव्यांशु वर्मा, उत्तम तिवारी, खुर्शीद, वैभव, रामबली गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










