Raebareli News : शिक्षक समस्याओं का अंबार, समाधान दिवस में बीएसए को सौंपीं 200 शिकायतें

Raebareli News : खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बछरावां में मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित “शिक्षक समस्या समाधान दिवस” में शिक्षकों ने भ्रष्टाचार और शोषण की सैकड़ों शिकायतें रखकर अधिकारी को हिला दिया। लगभग 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों ने लिखित आवेदन देकर अपनी व्यथा सुनाई। देर शाम तक बीआरसी सभागार में डटे रहे।

शिकायतों का मुख्य केंद्र खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार रहा। शिक्षकों ने बताया कि सेवा पुस्तिकाएं गायब कर दी जाती हैं, चयन वेतनमान से वंचित रखा जा रहा है, वर्षों से वेतन वृद्धि की ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रविष्टियां नहीं हो रही हैं, अवशेष वेतन देयक लंबित हैं, अनुपस्थित शिक्षकों के स्पष्टीकरण की पत्रावलियां जिला कार्यालय नहीं भेजी जा रही हैं और वेतन विसंगति से सैकड़ों शिक्षक पीड़ित हैं। कई शिक्षिकाओं ने तो सेवा पुस्तिका गुम होने की शिकायत की, वहीं रेनू सिंह ने पिछले 6 वर्ष से वेतन बहाली आदेश की प्रति न मिलने का आरोप लगाया।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष शुक्ल ने कहा कि पिछले दो वर्षों से लगातार ज्ञापन और प्रमाणित शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन केवल झूठे आश्वासन मिलते रहे। किसी भी दोषी कर्मचारी-लिपिक पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि ऐसा समस्या समाधान दिवस हर माह आयोजित हो, ताकि शिक्षकों में उत्साह बढ़े और शिक्षा की गुणवत्ता सुधरे।

बीएसए राहुल सिंह ने सभी शिकायतें सुनीं और 15 दिन में त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित पटल पर पत्र भेजने के निर्देश दिए। शिक्षकों में नई उम्मीद जगी कि अब न्याय मिलेगा।

Other Latest News

Leave a Comment