रिपोर्ट : अविनाश कुमार
कसमार प्रखंड अंतर्गत मधुकरपुर में बीती रात दिलदहलाने वाली आपराधिक घटना घटित हुई। यहां अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर पिंटू कुमार नायक की गोली मारकर हत्या करके फरार हो गये। इस घटना पर उनके बूढ़े माता-पिता का रो कर खराब परिस्थिति हो गयी है। पिंटू कुमार नायक की उम्र करीब 32 वर्ष है। रविवार की रात्रि अपने बाजार टांड़ स्थित घर पर सोया हुआ था। रात को करीब 11 बजे रात गोली की आवाज सुन उनकी भाभी और अन्य परिवार के लोग भागते हुए उस कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि पिंटू अपने बेड पर कराह रहा है। पिंटू की भाभी ने बताया कि पिंटू के सीने पर दो गोली लगी थी, वहां से खून निकल रहा था। उसने पिंटू के कान पर सरसों तेल भरे और पैर के तलवों पर मालिश भी की। परिवार वालों ने बताया कि अपराधी गोली मारकर भाग गये। उन अपराधियों को किसी ने नहीं देख पाया। इधर गोली की आवाज सुनकर अगल बगल निवास करने वाले जैसे कसमार उपप्रमुख प्रतिनिधि कपलेश्वर कुमार रजक, नीलकंठ रजक, बलराम रजक, धनंजय रजक इत्यादि की नींद टूटी और वो तुरंत भागते हुए पिंटू के घर तरफ दौड़े। उन्होंने पहुंचकर देखा कि पिंटू अचेत अवस्था में था०, तुरंत लोगों ने कसमार थाना को फोन द्वारा सूचना दी और एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के पहुंचते ही पुलिस के पदाधिकारी भी पहुंचकर छान बिन में जुट गयी। कपलेश्वर कुमार रजक एवं नीलकंठ रजक ने बताया कि गोली लगते ही कुछ देर बाद पिंटू के शरीर में कोई गतिविधि होना बंद हो गया था। फिर भी एंबुलेंस द्वारा उसे जैनामोड सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के अनुसार लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आस पास के लोगों ने बताया कि अपराधी किसी माध्यम से छत चढ़े। वहां से घर के नीचे उतरने वाली सीढ़ी के द्वारा पिंटू जहां सोया हुआ था उस कमरे में पहुंचे। पिंटू के संबंध में लोगों ने बताया कि बहुत ही मिलनसार और हंसमुख व्यक्ति था। उसका किसी के साथ कोई वाद विवाद नहीं था। दो वर्ष पहले उसकी नौकरी लगी थी, वह हजारीबाग कोषागार में कार्यरत था। शनिवार को हजारीबाग से घर आया था और सोमवार को वह काम पर जाता तभी रविवार रात उसकी हत्या हो गई। बूढ़े मां बाप का वह एक मात्र सहारा था। क्योंकि उनके दो और पुत्र पहले ही काल के गाल में चले गए थे। पिंटू अविवाहित था। इधर घटना को लेकर कसमार थाना प्रभारी भजनलाल महतो ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल चल रही है। अपराधी कोई सुराग नहीं छोड़े हैं, परंतु हम उन्हें अवश्य धर दबोचेंगे। कसमार थाना के अलावे पेटरवार तथा जारीडीह थाना की पुलिस भी जांच में जुट गयी है। घटना की सूचना पाकर जिप सदस्य अमरदीप महाराज, स्थानीय मुखिया राजेंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत कुमार पांडेय, वार्ड सदस्य गौतम स्वर्णकार, रोहित रेड्डी, राहुल स्वर्णकार, समेत सैकड़ों ग्रामीण उसके घर पहुंच बूढ़े मां बाप को ढाढस बंधाते नजर आए।