Raebareli: नर्सिंग कॉलेज के छात्रों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज परिसर में भी हुई थी मारपीट
एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे कॉलेज परिसर में कुछ लोगों ने छात्रों और अध्यापकों के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की थी। घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने की बात कही गई है। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद भी विपक्षी पक्ष की ओर से दोबारा हमला करने की योजना बनाई गई।
हॉस्टल से निकलते ही छात्रों पर किया हमला
शिकायत के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे हॉस्टल से निकलने के बाद छात्र अतुल कुमार अपने अन्य साथियों के साथ एक दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां आ गए और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में कई छात्रों को चोटें आईं।
बीच-बचाव करने वालों को भी धमकाने का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी धमकाया गया। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद पीड़ित अतुल कुमार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक गौरव को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मारपीट और धमकी को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।










