रायबरेली: लालगंज-फतेहपुर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डीसीएम ट्रक से सड़क पर खून टपकता देखकर बाइक सवार युवक ने अनहोनी की आशंका में वाहन को रुकवा लिया। ट्रक का डाला खुलवाने पर अंदर का नजारा देखकर लोग दंग रह गए। डीसीएम में करीब दो दर्जन भैंसें बेहद क्रूरतापूर्वक और अमानवीय तरीके से ठूंसकर लादी गई थीं। सभी मवेशियों की गर्दन रस्सियों से ट्रक की बॉडी के सहारे बांधी गई थी। डाला खुलते ही दो भैंसें सड़क पर गिर पड़ीं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, ऊंचाहार थाना क्षेत्र के भुसई का पुरवा मजरे इटौरा बुजुर्ग निवासी आदित्य शुक्ला किसी काम से कानपुर गए थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लालगंज-फतेहपुर नेशनल हाईवे पर आगे चल रही एक डीसीएम से खून टपकता देखकर उन्हें किसी गंभीर अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए डीसीएम को रुकवा लिया और इसकी सूचना लालगंज पुलिस को दी।
आदित्य के मुताबिक, डीसीएम में सवार तीन लोगों ने शुरुआत में उन्हें रोकने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि वाहन सवार लोगों ने शाहनवाज नामक व्यक्ति का नाम लेते हुए कहा कि वह उन्हें मरवा देगा, इसलिए गाड़ी को जाने दिया जाए। हालांकि युवक अपनी बात पर अड़ा रहा और ट्रक का डाला खुलवाने की मांग की। डाला खुलते ही अंदर करीब 24 भैंसें बुरी तरह बंधी और लदी मिलीं। मवेशियों की हालत देखकर मौके पर जुटे राहगीरों में नाराजगी फैल गई।
मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक निखिल यादव ने पूरे मामले की जानकारी ली। पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम अंकित पुत्र राजेंद्र निवासी नबीपुर, थाना अकबरपुर, जिला कानपुर नगर बताया। चालक के अनुसार, डीसीएम में अलीगढ़ निवासी व्यापारी मुन्ना और एक मजदूर भी सवार थे, जो भीड़ बढ़ने पर मौके से भाग निकले। चालक ने बताया कि वे अजुहा बाजार से मवेशियों को लादकर उन्नाव ले जा रहे थे।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बरामद मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद मवेशियों को इस तरह अमानवीय तरीके से ढोने और विरोध करने वाले युवक को धमकी दिए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।










