धनबाद रेल मंडल अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो आज सुबह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। मौके पर बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार, तोपचांची अंचलाधिकारी, हरिहरपुर थाना प्रभारी राहुल कुमार झा, आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार झा, जीआरपी थाना प्रभारी और तोपचांची थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल तैनात है।

दरअसल, कुड़मी समाज द्वारा बुलाए गए रेल टेका आंदोलन के तहत प्रदर्शनकारियों ने ग्रैंडकोड सेक्शन के पारसनाथ और प्रधानखंता स्टेशनों को जाम कर दिया है। इसके कारण कई ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है और गाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी हैं।

इसी क्रम में बरकाकाना-गोमो ईएमयू और धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस भी गोमो स्टेशन पर रुकी हुई हैं। रेल सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।










