Bokaro Thermal: कार्मेल उच्च विद्यालय, बोकारो थर्मल में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस एसी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा।
जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में कक्षा सप्तम ब और अष्टम अ की टीम आमने-सामने हुई। दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए सप्तम ब की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। अष्टम अ की टीम उपविजेता रही।

वहीं, सीनियर वर्ग के फाइनल में नवम ब और दशम अ की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दशम अ की टीम विजेता बनी, जबकि नवम ब को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आनंद कुजूर तथा सीनियर वर्ग में अंकित कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में प्रधानाचार्या ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। शिक्षक विश्वनाथ ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि शिक्षिका मोनिका कर्मकार ने आधिकारिक कार्यों का संचालन किया। उनके कुशल संचालन में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










