Raebareli: विकास भवन के महिला शौचालय में गंदगी का अंबार, जिम्मेदार बेखबर

Raebareli: विकास भवन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलने वाला वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विकास भवन के नीचे समाज कल्याण कार्यालय के सामने स्थित महिला शौचालय में गंदगी का अंबार लगा दिखाई दे रहा है। शौचालय की हालत देखकर वहां जाना भी मुश्किल नजर आ रहा है।

10 सितंबर 2026 को करीब 12 बजे वायरल हुए वीडियो में शौचालय के अंदर वॉश बेसिन, कमोड और लैट्रिन सीट पर गंदगी जमी दिखाई दे रही है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण शौचालय की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। ऐसे में विकास भवन आने वाली महिलाओं और वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि विकास भवन में जिले के तमाम महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय संचालित होते हैं और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर के महिला शौचालय की यह बदहाल तस्वीर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद उठी कार्रवाई की मांग

वायरल वीडियो के बाद लोगों ने शौचालय की तत्काल सफाई कराने और नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। सवाल यह भी है कि विकास भवन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में शौचालय की सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी आखिर कौन करता है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराते हैं या फिर मामला महज खानापूर्ति तक सीमित रह जाता है।

Other Latest News

Leave a Comment