Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने के बाद हलचल तेज हो गई है। वहीं रांची नगर निगम क्षेत्र की बात की जाए तो इस क्षेत्र में इस चुनाव को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। गुरुवार को नामांकन के पहले दिन से ही रांची समाहरणालय में प्रत्याशियों की चहलकदमी शुरू हो गई है। इसी क्रम में महापौर पद के प्रत्याशी राजेंद्र मुंडा गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे और नामांकन प्रपत्र प्राप्त किया। वे 2 फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगे।
महापौर प्रत्याशी राजेंद्र मुंडा का ये है कहना

राजेंद्र मुंडा का कहना है कि पिछले 20 वर्षों से भाजपा में रहते हुए समाज और जनता की हर परेशानी के समाधान के लिए खड़ा रहा हूँ। जनता की परेशानियों का समाधान कराना मेरे लिए राजनीति नहीं, बल्कि कर्तव्य, ज़िम्मेदारी और सेवा रही है। 53 वार्ड मेरी प्राथमिकता, मेरी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यदि रांची की जनता मुझे महापौर के रूप में सेवा करने का अवसर देती है, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि रांची नगर निगम के सभी 53 वाडों में हर छोटी-बड़ी समस्या का तुरंत संज्ञान लिया जाएगा। समाधान केवल फाइलों में नहीं, ज़मीन पर भी दिखाई देगी। जनता को नगर निगम और सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। और नगर निगम खुद जनता के दरवाज़े तक पहुँचे।
महापौर के रूप में राजेंद्र मुंडा की ये है प्रमुख प्राथमिकताएँ
1 पेयजल, नाली और जलजमाव
हर घर तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता कराना, जर्जर पाइपलाइन और नालियों का स्थायी समाधान कराना, बरसात के मौसम में जलजमाव से राहत के लिए विशेष कार्ययोजना बनाना
2 सड़क, गली और स्ट्रीट लाइट
जर्जर सड़कों और गलियों का चरणबद्ध निर्माण, हर गली-मोहल्ले में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और डार्क जोन मुक्त रांची बनाना।
3 स्वच्छता और स्वास्थ्य
डोर-टू-डोर कचरा उठाव, नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग और सैनिटाइजेशन, हर वार्ड में स्वास्थ्य सुविधा एवं शिविर
4 महिलाओं, विधवाओं और बुजुर्गों के लिए सम्मान
महिला एवं विधवा पेंशन में किसी प्रकार की देरी नहीं, संकट की स्थिति में तत्काल सहायता व्यवस्था, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
5 बेरोज़गार युवाओं के लिए अवसर
स्किल डेवलपमेंट और रोजगार मार्गदर्शन, नगर निगम कार्यों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय को बढ़ावा
6 गरीब और वंचित वर्ग का आर्थिक कल्याण
सभी सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, योजनाओं में दलाली और भ्रष्टाचार पर सख्त रोक, फुटपाथ व्यवसायी, ऑटो चालक, छात्र और यातायात पर विशेष योजना, सभी सब्ज़ी, फल एवं फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं के लिए अलग से व्यवस्थित मार्केट ज़ोन का निर्माण, योग्य वेंडरों को स्थायी दुकान/शॉप आवंटन
7 रोजगार के साथ सम्मान और सुरक्षा की गारंटी
ऑटो और टुक-टुक चालकों के लिए अलग -अलग रूट का परमिट मुहैया कराना, अव्यवस्थित परिचालन समाप्त कर सुव्यवस्थित और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था
8 छात्रों के लिए परिवहन सुविधा

छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए हर प्रमुख रूट पर अलग से बस व्यवस्था, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित सस्ती और समयबद्ध सुविधा
9 पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान
रांची शहर में बढ़ते कार और मोटरसाइकिल की संख्या को देखते हुए विशेष पार्किंग स्थलों की पहचान, अलग-अलग क्षेत्र में डेडीकेटेड पार्किंग स्पॉट का निर्माण मेरा स्पष्ट संकल्प है।
राजेंद्र मुंडा का यह भी कहना है कि यदि झारखंड और रांची की जनता का मुझे समर्थन मिलता है तो महापौर के रूप में मैं 53 के 53 वार्डों की हर छोटी-बड़ी परेशानी का तुरंत, ईमानदारी से और स्थायी समाधान करूंगा। मैं ऐसा महापौर बनूंगा जो जनता के बीच रहेगा, हर वार्ड में पहुंचेगा और हर समस्या को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानेगा।










