Raebareli: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मंगलवार को अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ होते हुए वह रायबरेली की सीमा पर स्थित लाही बॉर्डर के गुमावा पुलिस चौकी के पास पहुंचे। यहां पहले से मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक घंटों पहले ही सड़क के दोनों ओर पहुंच गए थे।
लाही बॉर्डर से लेकर महाराजगंज कस्बे तक जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए। राहुल गांधी के काफिले के पहुंचने से पहले ही महाराजगंज कस्बे में सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कार्यकर्ता हाथों में फूल लेकर राहुल गांधी के स्वागत के लिए काफी दूर तक कतार में खड़े नजर आए। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। समर्थकों में राहुल गांधी की एक झलक पाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

स्वागत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का अभिनंदन किया। काफिले के गुजरने के दौरान सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। लाही बॉर्डर और महाराजगंज में उमड़ी भीड़ की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग राहुल गांधी के स्वागत के लिए सड़क किनारे मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लाही बॉर्डर से लेकर आगे के मार्ग तक पुलिस बल तैनात किया गया था। रायबरेली के अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। बाराबंकी जिले की पुलिस भी सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। अधिकारियों का प्रयास रहा कि भारी भीड़ और यातायात के बीच किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
देर शाम राहुल गांधी रायबरेली शहर के प्रभु टाउन पहुंचे, जहां उन्होंने एक परिवार से आत्मीय मुलाकात की। इसके बाद वह गेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए। राहुल गांधी बुधवार को रायबरेली में आयोजित दिशा (District Development Coordination and Monitoring Committee) की बैठक में शामिल होंगे। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह बना हुआ है।










