Raebareli: भदोखर थाना क्षेत्र के रघुरईया (सरायदामू) गांव निवासी युवक का सोमवार की शाम को कुरचंदा मऊ के पास नहर में शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ भदोखर थाने पहुंचकर घेराव किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार रघुरईया गांव निवासी शिवम यादव बीते दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद भदोखर थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। सोमवार, सात सितंबर को कुरचंदा मऊ के पास नहर में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई, जिसमें मृतक की पहचान शिवम यादव के रूप में हुई। शिवम का शव मिलने की जानकारी पर परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में भदोखर थाने पहुंच गए। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

उनका आरोप था कि कुछ दिनों पहले शिवम के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी।परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए उनके नाम पुलिस को दी गई तहरीर में बताए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी आशीष निगम और एसडीएम सदर गौतम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। सीओ सिटी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में किसी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत को लेकर गांव में शोक के साथ-साथ घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।










