मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित गांगन अंबेडकर पार्क में रविवार को एक अलग तरह की हलचल देखने को मिली, जब सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) [SUCI(C)] की ओर से राजनीतिक शिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। माहौल पूरी तरह वैचारिक चर्चा और संगठनात्मक ऊर्जा से भरा नजर आया।
शिविर के मुख्य वक्ता केंद्रीय कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं एआईकेकेएमएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड सत्यवान सिंह ने कहा कि पार्टी संस्थापक शिवदास घोष के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा देने के लिए क्रांतिकारी सोच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर आज भी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर ठोस कानून न होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

आलू के गिरते दाम और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान न मिलने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। शिविर में संगठन की विचारधारा को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्य की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और उनकी सक्रियता से ही समाज में बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान जनहित के मुद्दों, संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही सामाजिक एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के महत्व को रेखांकित किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर कामरेड रमेश पाराशर, बालेंद्र कटियार, योगेंद्र कुमार, कुलश्रेष्ठ, अविनाश सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










