Raebareli: गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे भवानी बख्श गांव में दंपती के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित उमेश कुमार पुत्र जगन्नाथ निवासी पूरे भवानी बख्श, पोस्ट सुल्तानपुर खेड़ा ने जिले के पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर इंद्र बहादुर, बाबूलाल, श्रवण कुमार, सीमा देवी, जंग बहादुर, अमीषा भारती और अमृत भारती समेत अन्य लोग उसके घर में घुस आए। आरोप है कि विपक्षियों ने उमेश कुमार और उसकी पत्नी ज्योति के साथ लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

उमेश कुमार का कहना है कि मारपीट में उसकी पत्नी ज्योति को अंदरूनी चोटें आई हैं। उसका जतुवा टप्पा सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने गुरबक्शगंज थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उसका ही चालान कर दिया गया। इसके बाद उसने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, वायरल वीडियो और पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।










