रायबरेली : मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे का पीएम मोदी 29 अप्रैल को उदघाटन करेंगे। 594 किलोमीटर के इस एक्सप्रेसवे के बीच कुल 12 ज़िले पड़ेंगे जिनमे एक रायबरेली भी शामिल है। रायबरेली मे इसके दो एगज़िट हैं जिनमे एक लालगंज के पास ऐहार और दूसरा ऊँचाहार के पास जगतपुर में है। 29 तारीख़ को होने वाले उदघाटन के बाद सभी ज़िलों की तरह रायबरेली का स्ट्रेच भी पूरी तरह तैयार है।
जगतपुर एगज़िट पर मंगलवार को होने वाले एक्सप्रेसवे उदघाटन कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसी को लेकर यदुवेन्द्र सिंह परमार हाइवे इंजीनियर ने बताया कि लगभग सभी तैयारी पूरी है, जो काम बचा है उसे रात भर में पूरा कर लिया जाएगा। कल होने वाले कार्यक्रम में जिले के आलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों के साथ अडानी प्रोजेक्ट के इंजीनियर अन्य प्रोजेक्ट के इंजीनियर के साथ साथ क्षेत्र की जनता भी कार्यक्रम में रहेगी।

इससे पहले सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण कार्यक्रम के सम्बन्ध में बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री जनपद हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में जनपद के तहसील ऊँचाहार में स्थित ग्राम रोझइया भीखमशाह चेंज रोड टोल प्लाजा के निकट जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के दृष्टिगत जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी ऊँचाहार विवेक राजपूत, उपजिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी बृजेश तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।










