अमेठी जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह घटना शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के माठा गांव मजरे महिया सिंदुरिया की है। जानकारी के अनुसार, परिवार के तीनों सदस्य खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली सीधे तीनों पर गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने 18 वर्षीय युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पति-पत्नी की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्राकृतिक आपदा से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने की भी मांग की है।










