रायबरेली में कड़ी सुरक्षा के बीच NEET परीक्षा शुरू, 6 केंद्रों पर 2592 परीक्षार्थी शामिल

NEET EXAM 2026: रायबरेली में रविवार 3 मई 2026 को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2592 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। केंद्रों के अंदर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी को रोका जा सके।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं। परीक्षार्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम करीब 4:00 बजे तक परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा पूरे समय परीक्षा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि यह प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

Other Latest News

Leave a Comment