सऊदी अरब में अमेठी के युवक की दर्दनाक मौत, चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

अमेठी जिले के तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के मंझीटा गांव निवासी एक युवक की सऊदी अरब में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतक अजहर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बच्चों का बेहतर भविष्य बनाने के लिए कर्ज लेकर विदेश कमाने गए थे।

जानकारी के अनुसार, अजहर सऊदी अरब के दम्माम शहर में रहकर नौकरी कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि अजहर अपने पीछे पत्नी समेत चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद अरमान ने भारत सरकार और सऊदी अरब प्रशासन से मांग की है कि अजहर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और बच्चों के भविष्य के लिए सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए।

परिवार के लोगों का कहना है कि अजहर घर की खराब आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए विदेश गए थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह वापस जिंदा नहीं लौटेंगे। गांव में हर आंख नम है और परिवार के घर लोगों का तांता लगा हुआ है।

Other Latest News

Leave a Comment