बोकारो थर्मल : नावाडीह प्रखंड अंतर्गत हाई स्कूल आर्मो में सोमवार को डीवीसी सीएसआर एवं बोकारो थर्मल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच सह सर्वाइकल कैंसर जागरूकता (HPV Awareness) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी देना था।
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित डॉ. प्रकाश नायक ने छात्र-छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच की महत्ता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच से इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। साथ ही उन्होंने स्वच्छता, संतुलित आहार और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कुल 139 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कृष्ण कुमार (हेल्थ इंस्पेक्टर), कलीम अंसारी, जीवाधन महतो (सीएसआर), विद्यालय के शिक्षक सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इसे बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।










