रायबरेली: थाना कोतवाली नगर पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते दाम में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली नगर में एक पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत ने बताया गया कि उसका संपर्क विवेक कुमार यादव उर्फ विनय पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी क्वार्टर नंबर-28, रिवर बैंक कॉलोनी थाना बजरंगंज जनपद लखनऊ से हुआ था। आरोपी ने स्वयं को एलडीए अधिकारियों का करीबी बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते दाम पर फ्लैट दिलाने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए और करीब 3 लाख रुपये की ठगी कर ली। बाद में जब वादी ने एलडीए कार्यालय में जानकारी की तो सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद गुरुवार को नामजद आरोपी विवेक कुमार यादव उर्फ विनय को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक आशीष मलिक, आरक्षी नितिन परमार एवं महिला आरक्षी दीक्षा कुशवाहा शामिल रहीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










