दामोदर वैली कॉर्पोरेशन के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (BTPS) में शनिवार से स्वच्छता पखवाड़ा 2026 की शुरुआत उत्साह और जागरूकता के माहौल में हुई। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार 16 मई से 31 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग में चीफ जनरल मैनेजर एवं प्रोजेक्ट हेड सुशील कुमार अरजारिया के मार्गदर्शन में स्वच्छता शपथ के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों, वर्करों एवं CISF जवानों को स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने स्वच्छता शपथ लेते हुए अपने घर, कार्यस्थल, गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिवर्ष कम से कम 100 घंटे सफाई कार्यों में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस दौरान करीब 100 डीवीसी कर्मियों, श्रमिकों एवं CISF जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सिग्नेचर कैंपेन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लेते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतिभागियों ने विशेष रूप से लगाए गए सेल्फी स्टैंड पर स्वच्छता संदेश के साथ तस्वीरें लेकर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के नोडल ऑफिसर मोहम्मद उमैर रशिद ने बताया कि पखवाड़े के दौरान प्लांट परिसर, रिहायशी कॉलोनियों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान, सफाई अभियान और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 31 मई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में स्वच्छता, हाइजीन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि स्वच्छ भारत मिशन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।










