11 दिन से अंधेरे में भगौतीपुर, बिजली बहाली न होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

रायबरेली: 13 मई को आए भीषण चक्रवाती तूफान के बाद जिले की विद्युत व्यवस्था अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। गदागंज थाना क्षेत्र के भगौतीपुर गांव में पिछले 11 दिनों से बिजली गुल है, जिससे ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा। नाराज ग्रामीण शुक्रवार को बिजली विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन पर उतर आए और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि तूफान के दौरान गांव का ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से गांव के करीब 500 से अधिक लोग अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं बुजुर्ग और बीमार लोग गर्मी से बेहाल हैं। बिजली न होने से पानी की मोटर भी नहीं चल पा रही, जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग लगातार सिर्फ आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर कर्मचारियों द्वारा रुपये की मांग की जा रही है।

पीड़ित ग्रामीण रामसेवक, रामकिशोर और सुमन ने बताया कि वे कई बार उपकेंद्र के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें “कल-परसों” कहकर वापस भेज दिया जाता है। ग्रामीणों में विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि रायबरेली जिले में सरकार के दो मंत्री होने के बावजूद जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। नेताओं के विकास के दावे केवल जुमले साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे संबंधित उपकेंद्र पर तालाबंदी करेंगे।

Other Latest News

Leave a Comment