रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती इलाके से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के कई दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के अचानक घर से गायब हो जाने के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। काफी खोजबीन के बावजूद महिला का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली नगर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर खोजबीन की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, लापता महिला की पहचान रानी पत्नी रमेश कुमार, निवासी धमसी राय का पुरवा, नई बस्ती, कोतवाली नगर रायबरेली के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार है और बीते 25 मई 2026 की सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच घर से अचानक कहीं चली गई। उस समय महिला ने पिंक कलर की धोती पहन रखी थी।

परिवार के लोगों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश करने के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली नगर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और महिला की जल्द तलाश कराने की मांग की।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त महिला कहीं दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दें, ताकि महिला को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।










