Raebareli: रायबरेली के शहर कोतवाली क्षेत्र के सुरजुपुर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर (हनुमान धाम) में विवाद गहराता नजर आ रहा है। मंदिर के मुख्य पुजारी सौरेन्द्र कुमार मिश्र ने शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर एक स्थानीय व्यक्ति पर मंदिर परिसर में गाली-गलौज, मारपीट का प्रयास, जान से मारने की धमकी और मंदिर की व्यवस्था में लगातार बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य पुजारी सौरेन्द्र कुमार मिश्र ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि वह पिछले चार वर्षों से ट्रस्ट द्वारा नियुक्त होकर मंदिर में पूजा-पाठ और मंदिर की व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मोहल्ला निवासी प्रख्यु अवस्थी आए दिन मंदिर परिसर में पहुंचकर उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास करता है, जिससे मंदिर का माहौल प्रभावित हो रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति ने मंदिर के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन और नकद के माध्यम से लाखों रुपये लेकर उनका दुरुपयोग किया है। इसके अलावा भक्तों द्वारा मंदिर में चढ़ाई गई कीमती वस्तुओं के गायब होने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुजारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति का मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और ट्रस्ट के सदस्यों के साथ भी अभद्र व्यवहार करना आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे, जब वह मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे थे, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया। इस घटना के बाद वह और उनका परिवार भयभीत है।
मुख्य पुजारी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि मामला धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक बयान और आरोपी पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।










