Raebareli: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अधिवक्ताओं के लिए बने चेंबर की जर्जर हालत का मामला सामने आने और प्लास्टर गिरने से एक अधिवक्ता के घायल होने की खबर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे जिलाधिकारी शरनजीत कौर ब्रोका अपनी प्रशासनिक टीम के साथ अधिवक्ता चेंबर परिसर पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिवक्ताओं ने बताया कि लंबे समय से भवन की हालत जर्जर बनी हुई है और कई स्थानों से छत का प्लास्टर लगातार गिर रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अधिवक्ताओं ने भवन की तत्काल मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान अधिवक्ता पदम श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को बताया कि दो दिन पहले वह अपने चेंबर में बैठे हुए थे, तभी अचानक छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में उन्हें चोटें आईं, उनकी कुर्सी टूट गई तथा चेंबर में रखा अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि यदि उस समय अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को भवन की स्थिति का तत्काल आकलन करने और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जर्जर हिस्सों को तत्काल सुरक्षित कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद वर्षों से जर्जर पड़े चेंबरों की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी, जिससे अधिवक्ताओं को सुरक्षित वातावरण में कार्य करने की सुविधा मिल सके।










