Amethi: उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय के जायस आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष भवानी दीक्षित सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और मंत्री के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए।

स्वागत कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह के पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह के सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे।










