Bokaro Thermal: डीवीसी के बोकारो ताप विद्युत केंद्र में कार्यरत सैकड़ों सप्लाई मजदूरों ने संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में नौ सूत्री मांगों को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत प्रतिष्ठान के अंदर परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में घंटों नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन के बाद परियोजना प्रमुख की पहल पर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ प्रबंधन की वार्ता हुई। वार्ता में परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि सप्लाई मजदूरों की नौ सूत्री मांगों में ऊर्जा भत्ता, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित करने तथा सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों के आवास पर सामान्य किराये की जगह 60 गुना दंडात्मक किराया वसूलने संबंधी नीतिगत मामलों को मुख्यालय स्तर पर निर्णय के लिए सकारात्मक अनुशंसा के साथ अग्रसारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन मांगों सहित अन्य मामलों पर निर्णय लेने में सक्षम उच्चाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के लिए उप महाप्रबंधक (प्र.) ए.के. कुजूर को आगामी 18 अगस्त को मुख्यालय बुलाया गया है। परियोजना प्रमुख ने उम्मीद जताई कि दोनों प्रमुख मांगों का सकारात्मक समाधान निकलेगा। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि ऊर्जा भत्ता एवं प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में बदलने के मामले में मुख्यालय का स्पष्ट निर्णय आने तक किसी भी सप्लाई मजदूर के आवास की बिजली आपूर्ति केवल स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं होने के कारण बंद नहीं की जाएगी। साथ ही बिजली चार्ज के रूप में प्रतिमाह वेतन से काटी जाने वाली 100 रुपये की राशि तथा मूल वेतन का एक प्रतिशत तत्काल प्रभाव से बंद करने की बात कही गई।
वार्ता में सेवानिवृत्त होने वाले सप्लाई मजदूरों को समय पर ग्रेच्युटी भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत्ति से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने, खाली पड़े उच्च श्रेणी के एफएम एवं जीएम टाइप आवास सप्लाई मजदूरों को आवंटित करने तथा आवासों का आवश्यक अनुरक्षण कराने पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा चिकित्सा सुविधा के लिए किए गए सामूहिक मेडिक्लेम में आने वाली परेशानियों को दूर करने, सप्लाई मजदूरों के कार्यस्थल में परिवर्तन से पूर्व श्रमिक प्रतिनिधियों को विश्वास में लेने तथा त्रिपक्षीय समझौते के अनुसार प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय के लिए त्रिपक्षीय समिति का तत्काल गठन करने का आश्वासन दिया गया।
प्रबंधन के आग्रह पर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने घोषित चरणबद्ध आंदोलन को तत्काल स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि मोर्चा ने स्पष्ट किया कि ऊर्जा भत्ता, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में बदलने तथा सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों के आवास पर 60 गुना दंडात्मक किराये की कटौती बंद करने के मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन पुनः जारी किया जाएगा।
वार्ता में संयुक्त मोर्चा की ओर से डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री भरत यादव, संजय मिश्रा, ब्रज किशोर सिंह, नवीन कुमार पाठक, अशीम तिवारी, गणेश राम, रितलाल महतो, रघुवर सिंह एवं नागेश्वर महतो शामिल थे। वहीं प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक ए. कुजूर एवं वरीय प्रबंधक पार्थो मुखर्जी उपस्थित थे।










