Har Ghar Tiranga Abhiyan: हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत AIIMS Raebareli में तिरंगा मार्च

Har Ghar Tiranga Abhiyan: कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा, डॉक्टरों से लेकर छात्र-छात्राओं तक ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) के अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली में तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत संस्थान परिसर में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज शाम 4:30 बजे एम्स रायबरेली (AIIMS Raebareli) परिसर में कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के नेतृत्व में तिरंगा मार्च निकाला गया। संस्थान के अधिकारी, चिकित्सक, संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्र एकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी http://harghartiranga.com पर अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में भी भाग लिया।

इस अवसर पर संस्थान परिसर देशभक्ति के नारों और तिरंगे की आन-बान-शान से ओत-प्रोत दिखाई दिया। प्रतिभागियों ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने का आह्वान किया।

एम्स रायबरेली (AIIMS Raebareli) द्वारा इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। अभियान में संस्थान परिवार की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बना दिया।

Other Latest News

Leave a Comment