Bokaro Thermal: भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा कार्यालय, बोकारो थर्मल में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं रांची महानगर भाजपा प्रभारी भरत यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजनीति में शुचिता, लोकतांत्रिक मर्यादा और सुशासन के जो मापदंड अटल जी ने स्थापित किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विपक्ष में रहने के बावजूद अटल जी ने देशहित में आवश्यकता पड़ने पर सत्ता पक्ष को रचनात्मक सहयोग दिया। प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में उन्होंने सुशासन और जनकल्याण की मिसाल पेश की।

भरत यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से झारखंड राज्य का गठन हुआ। उनका उद्देश्य था कि झारखंड की आर्थिक एवं सामाजिक विषमता दूर हो और मूलवासी एवं आदिवासी समाज को उनके अधिकार मिलें। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में छात्रों की समस्याओं और भर्ती घोटाले के विरोध में चल रहे आंदोलनों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अटल जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकारों ने देशहित और जनकल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव के बीच देश की एकता और विकास के लिए जनता को जागरूक रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों, राष्ट्रहित और सुशासन की भावना को आगे बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम में श्रवण सिंह, विश्वनाथ यादव, भैरव महतो, ईश्वर प्रजापति, पीजी सेन, हरे राम यादव, सीमा देवी, वीरेश निषाद, अजित सिंह, यमुना महतो, सागर राम, रमेश सिंह, प्रेम सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।










