Raebareli News: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर डिग्री कॉलेज परिसर में हेलीपैड का निरीक्षण

Raebareli: 24 अगस्त को रायबरेली आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राणा बेनी माधव सिंह कॉरिडोर के उद्घाटन की तैयारियां तेज

Raebareli: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। शुक्रवार को डीएम शरनजीत कौर ब्रोका ने पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित डिग्री कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रस्तावित हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए डिग्री कॉलेज परिसर में हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को निर्धारित मानकों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग पर साफ-सफाई, यातायात, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है। कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत का काम कराया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। कार्यक्रम स्थल के आसपास भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कवायद तेज है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अगस्त को रायबरेली पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राणा बेनी माधव सिंह से जुड़े कॉरिडोर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। उनके संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा बिंदुओं की समीक्षा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों ने जिलाधिकारी को अब तक पूरी हुई तैयारियों और शेष कार्यों की जानकारी दी। डीएम ने सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। फिलहाल मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

Other Latest News

Leave a Comment