CM Yogi Raebareli Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार 22 अगस्त 2026 समय करीब 3 बजे जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित डिग्री कॉलेज परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री इसी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने पंडाल की स्थिति, मंच की तैयारियां, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और काम में लगे कर्मचारियों से तैयारियों की प्रगति पूछते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। डीएम-एसपी ने निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा को लेकर पहले से ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
24 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) रायबरेली पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रहे निरीक्षणों से साफ है कि प्रशासन कार्यक्रम को लेकर किसी भी तरह की कमी छोड़ने के मूड में नहीं है।










