CM Yogi Raebareli Visit: मुख्यमंत्री के आगमन से पहले 24 घंटे युद्धस्तर पर चल रहा तैयारी अभियान

CM Yogi Raebareli Visit: फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में जलभराव वाले स्थानों पर डाली जा रही बालू, विशाल जनसभा के लिए तैयार हो रहा पंडाल

CM Yogi Raebareli Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में शनिवार रात करीब नौ बजे तक तैयारियों का सिलसिला लगातार जारी रहा। मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा को लेकर यहां युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है और अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों एवं जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

बारिश के कारण डिग्री कॉलेज परिसर के कई हिस्सों में हुए जलभराव ने प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। ऐसे में जलभराव वाले स्थानों पर बालू डलवाकर जमीन को समतल और कार्यक्रम के अनुकूल बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। मजदूर दिन-रात जुटे हुए हैं और पंडाल निर्माण समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रवेश, आवागमन और बैठने की व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनसभा स्थल से करीब एक किलोमीटर के दायरे में पहले से लगी दुकानों को भी हटवा दिया गया है, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग पूरी तरह सुचारु रहें और भीड़ के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

अधिकारियों की लगातार निगरानी में चल रहे कार्य से साफ है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। शनिवार रात तक भी कॉलेज परिसर में मजदूर और कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। अब निगाहें 24 अगस्त को होने वाली मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा पर टिकी हैं।

Other Latest News

Leave a Comment