Raebareli: कार्यक्रम खत्म होने के बाद लगाया गया पोस्टर, जिला प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

रसोइयों का सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण के बाद विकास भवन में प्रचार सामग्री लगाने पर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

Raebareli: रायबरेली जिला प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार 23 अगस्त 2026 को मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर सामुदायिक केंद्र में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान, मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम समाप्त होने के कई घंटे बाद विकास भवन परिसर में संबंधित कार्यक्रम का पोस्टर लगाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े किए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करना था तो पोस्टर और बैनर कार्यक्रम से पहले लगाए जाने चाहिए थे, ताकि आम लोगों को कार्यक्रम की जानकारी मिल सके। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब 3:30 बजे विकास भवन में पोस्टर लगाया जाना जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने इसे सरकारी व्यवस्था में लापरवाही और मनमानी का उदाहरण बताया है।

बताया गया कि रतापुर सामुदायिक केंद्र में रविवार को पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने रसोइयों को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी शीतल श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह, मंडल अध्यक्ष मंजेश सिंह, कमल बजाज समेत बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य अतिथि मौजूद रहे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा साड़ी के लिए मिलने वाली धनराशि में भी 500 रुपये की बढ़ोतरी की बात कही गई। मानदेय बढ़ने की जानकारी से रसोइयों में खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम में पात्र रसोइयों एवं शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके सम्मान और सुविधाओं में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा।

कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर पाण्डेय ने किया। इस दौरान डीसी एमडीएम विनय तिवारी, डीसी अविलय चौधरी, डॉ. आरएन सिंह, राघवेंद्र सिंह समेत विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हालांकि कार्यक्रम के आयोजन से अलग, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विकास भवन में पोस्टर लगाए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर जब कार्यक्रम समाप्त हो चुका था, तब प्रचार सामग्री लगाने का औचित्य क्या था? लोगों ने जिला प्रशासन से सरकारी कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं में समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Other Latest News

Leave a Comment