CM Yogi Raebareli Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए शहर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की लगातार निगरानी में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
इसी क्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मंच, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिलेवासियों की निगाहें विकास परियोजनाओं की सौगात पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सौगातें भी दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि रायबरेली की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा, “रायबरेली के विकास की गाथा मुख्यमंत्री जी के मुखारबिंदु से सुनिए।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से जिले को विकास की कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।
वहीं शिवेंद्र सिंह ने राणा बेनी माधव सिंह ऑडिटोरियम को रायबरेलीवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया। प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि “विकास के क्षणों की साक्षी बनी रायबरेली।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों की गति लगातार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए रायबरेली सज-धजकर तैयार है। अब लोगों को मुख्यमंत्री के दौरे और उनके द्वारा घोषित होने वाली विकास योजनाओं की सौगात का इंतजार है।










