Raebareli: अपना दल (कमेरावादी) की ओर से रविवार, 23 अगस्त को रायबरेली में क्रांति दिवस एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल (Krishna Patel) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि कौशांबी की सिराथू विधानसभा (Sirathu Assembly) सीट से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक रायबरेली पहुंचे।
अपना दल (कमेरावादी) 23 अगस्त को क्रांति दिवस के रूप में मनाता है। पार्टी के अनुसार, 23 अगस्त 1999 को प्रयागराज के पीडी टंडन पार्क में अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की सभा के दौरान पुलिस लाठीचार्ज की घटना हुई थी। पार्टी इसी घटना की बरसी को ‘दूसरी आजादी की प्रथम क्रांति दिवस’ के रूप में मनाती है।

पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 50 हजार रुपये देने का लालच दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज भी किसान खाद और अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए परेशान हैं।
2027 को लेकर पल्लवी पटेल ने भरी हुंकार
पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना दल (कमेरावादी) मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और पार्टी प्रदेश में अपनी सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने सामाजिक न्याय, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।










