Raebareli: एक दिवसीय दौरे पर भाव समर्पण कार्यक्रम में पहुंचे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में सोमवार को उस समय पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए,जब एक महिला अपने मासूम बच्चों के साथ न्याय की आस लेकर जनसभा स्थल पहुंच गई। करीब एक वर्ष से पुलिस के चक्कर काटने और शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला का आरोप था कि उसके साथ ठगी हुई है, लेकिन पुलिस उसकी फरियाद सुनने को तैयार नहीं है। वही जनसभा समाप्त होने के बाद बाहर निकलते ही दो भाजपाई नेताओं के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई।
जिसका वीडियो हुआ वायरल

हम बता दें की शहर कोतवाली थाना के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री की जनसभा चल रही थी। इसी दौरान पीली साड़ी पहने महिला गोदी में अपने मासूम बच्चे के साथ किसी तरह जनसभा स्थल तक पहुंच गई। महिला का मकसद साफ था अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाना।
बताया जा रहा है कि महिला काफी जद्दोजहद के बाद मीडिया गैलरी तक पहुंच गई।वहां उसने अपनी पीड़ा सुनाते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना था कि वह करीब एक साल से न्याय के लिए भटक रही है। उसके साथ कथित तौर पर ठगी हुई, लेकिन शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने उसकी समस्या का समाधान नहीं किया’।
महिला के तेवर उस समय और आक्रामक हो गए, जब वह अपनी फरियाद मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की जिद पर अड़ गई। महिला लगातार अपनी शिकायत सुनाए जाने और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की मांग करती रही। उसके साथ मौजूद मासूम बच्चे पूरे घटनाक्रम के दौरान उसके साथ रहे। महिला के हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और महिला को रोकने तथा समझाने का प्रयास किया गया।पुलिस की कोशिशों के बावजूद महिला काफी देर तक अपनी बात रखती रही।
हालांकि अंततः वह मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंच सकी। पूरे घटनाक्रम का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में महिला पुलिस पर उसकी शिकायत की सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अपनी पीड़ा बताती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जनसभा स्थल तक एक महिला का अपनी शिकायत लेकर पहुंच जाना और पुलिस पर करीब एक वर्ष तक सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाना अब चर्चा का विषय बन गया है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि महिला की शिकायत वास्तव में लंबे समय से लंबित थी तो उसकी समस्या का समय रहते समाधान क्यों नहीं कराया गया? हालांकि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है और महिला की शिकायत किस स्तर पर लंबित है,इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन मुख्यमंत्री की जनसभा में सामने आए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर ‘फरियादी की सुनवाई’ और पुलिस व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा घेरे में रहने के बाद भी मारपीट
सैकड़ो पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बाद भी यहां दो समर्थकों के बीच मारपीट लात घुसे चलने लगे इसमें एक समर्थक द्वारा दौड़ा-दौड़ा कर दूसरे समर्थक को मारा पीटा जा रहा है सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मारपीट किस बात को लेकर हुई इसका भी पुलिस पता लग रही है।










