Raebareli: भारी बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर पांच बकरियों की मौत

Raebareli: गृहस्थी का सामान और अनाज हुआ बर्बाद, एक और बकरी के दबे होने की आशंका; पीड़ित ने मुआवजे की लगाई गुहार

Raebareli: रायबरेली जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ग्रामीण इलाकों में आफत बनती जा रही है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई गांव में भारी बारिश के चलते राम सनेही पुत्र रामभरोसे का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में दबकर पांच बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य बकरी के भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। इसी बीच अचानक मकान भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय मकान के अंदर बंधी बकरियां मलबे की चपेट में आ गईं। जब तक परिजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक पांच बकरियां मलबे में दब चुकी थीं।

मकान गिरने से पीड़ित परिवार की गृहस्थी भी पूरी तरह तबाह हो गई। घर में रखा गेहूं, राशन समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मकान गिरने की सूचना पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए मामले की जानकारी तत्काल हल्का लेखपाल को दी।

ग्राम प्रधान ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित परिवार को शासन-प्रशासन से नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए और मकान व पशुधन के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए।

Other Latest News

Leave a Comment