Raebareli: रायबरेली जिले में लगातार हो रही बारिश अब गरीब परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। रविवार 30 अगस्त 2026 को करीब शाम 4 बजे सदर तहसील क्षेत्र के सतांव विकासखंड अंतर्गत कोरिहर ग्राम पंचायत के पूरे आसाराम पुरवा में बारिश के चलते गरीब मजदूर रेनू पत्नी रामबाबू की कच्ची दीवार और झोपड़ी अचानक गिर गई। हादसे के दौरान परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। झोपड़ी गिरने से परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के कारण कच्ची दीवारें पूरी तरह कमजोर हो चुकी थीं। रविवार को बारिश के बीच अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और देखते ही देखते झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य झोपड़ी के उस हिस्से में मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पीड़िता रेनू ने बताया कि परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी करके किसी तरह घर का खर्च चलता है। कच्चे मकान की हालत काफी समय से खराब थी। परिवार की ओर से कई वर्षों से सरकारी आवास दिलाए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक आवास का लाभ नहीं मिल सका। उनका कहना है कि यदि समय रहते पक्का आवास मिल गया होता तो आज बारिश के बीच इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
परिजनों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने तथा परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कराकर आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
बारिश के मौसम में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल यह है कि वर्षों से आवास की मांग कर रहे गरीब परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ आखिर क्यों नहीं पहुंच पा रहा है। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद प्रशासन पीड़ित परिवार की सुध लेता है या फिर यह परिवार भी सरकारी मदद की उम्मीद में इंतजार करता रह जाएगा।










